अगले साल दीपावली तक बनकर तैयार होगा आईपीडी टावर, चिकित्सा मंत्री ने किया निरीक्षण
खींवसर 24वें फ्लोर स्थित हेलीपैड तक पहुंचे
जयपुर। प्रदेश के बहुप्रत्यक्षित आईपीडी टावर की सौगात मरीजों को अगले साल दीपावली तक मिल सकती है। यह बात खुद चिकित्सा मंत्री ने कही है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के आईपीडी टावर का दौरा किया। खींवसर 24वें फ्लोर स्थित हेलीपैड तक पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि टावर का निर्माण कार्य चल रहा है और अगली दीपावली तक इसे मरीजों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। मंत्री ने पार्किंग और सड़क से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए। वर्ष 2020-21 के बजट में घोषित इस परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया था।
इंटीरियर काम लगभग पूरा : इस टावर में 792 सामान्य वार्ड बेड, 166 आईसीयू बेड, 150 डीलक्स कमरे और 92 सुइट के साथ प्रीमियम कमरे तैयार किए जा रहे हैं। इस तरह कुल क्षमता लगभग 1200 बेड की होगी। करीब 121 मीटर ऊंचे इस टावर में दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, 24 ऊपरी मंजिलें और सर्विस फ्लोर तैयार किया जा रहा है। इस टावर में 14 फ्लोर तक का इंटीरियर का काम लगभग पूरा हो गया है। टावर का इंटीरियर आधुनिक डिजाइनए उन्नत चिकित्सा उपकरणों और बेहतर मरीज सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया है।
एयर एम्बुलेंस के लिए बन रहा हेलीपैड : आईपीडी टावर की छत पर एयर एम्बुलेंस के लिए हेलीपैड बनाया जा रहा है। इसके साथ मरीजों को हेलीपैड से सीधे आईसीयू या ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचाने के लिए विशेष लिफ्ट की सुविधा रहेगी। इसके अलावा 20 अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए हैं। साथ ही 125 कॉटेज वार्ड और करीब 100 रजिस्ट्रेशन सेंटर भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकेंगी।

Comment List