देश के शीर्ष हवाई अड्डों में 11वां स्थान पर जयपुर एयरपोर्ट : दिल्ली देश का सबसे बिजी एयरपोर्ट, एक साल में 4 लाख से अधिक विमानों का आगमन
मोपा एयरपोर्ट से 38,111 फ्लाइट का मूवमेंट
जयपुर एयरपोर्ट ने वित्त वर्ष 2025-26 में 43,629 विमान मूवमेंट के साथ देश में 11वां स्थान बरकरार रखा, हालांकि इसमें 9.9% गिरावट दर्ज हुई। मार्च में भी 13.6% कमी रही। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु शीर्ष पर रहे। गिरावट के बावजूद जयपुर ने लखनऊ, भुवनेश्वर और गोवा के कुछ एयरपोर्ट्स को पीछे छोड़ अपनी स्थिति कायम रखी।
जयपुर। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में जयपुर एयरपोर्ट ने विमान संचालन (एयरक्राफ्ट मूवमेंट) के आधार पर देश के शीर्ष हवाई अड्डों में 11वां स्थान हासिल किया है। हालांकि इस दौरान विमान संचालन और यात्रीभार दोनों में गिरावट दर्ज की गई है, फिर भी जयपुर एयरपोर्ट अपनी रैंकिंग बनाए रखने में सफल रहा है। देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट एक बार फिर दिल्ली एयरपोर्ट रहा, जहां पूरे वर्ष में 4.73 लाख विमानों का आवागमन दर्ज किया गया। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट 3.31 लाख दूसरे और बैंगलुरू एयरपोर्ट 2.79 लाख के साथ तीसरे, चौथे स्थान पर हैदराबाद एयरपोर्ट रहा, जहां 2.07 लाख विमानों का संचालन हुआ।
चेन्नई एयरपोर्ट 1.58 लाख, कोलकाता एयरपोर्ट 1.42 लाख और अहमदाबाद एयरपोर्ट 1.03 लाख विमानों का मूवमेंट हुआ। अन्य प्रमुख एयरपोर्ट में कोचीन एयरपोर्ट 71,722, पुणे 71,523 और गुवाहाटी एयरपोर्ट 47,439 के साथ ही इसका स्थान जयपुर से ऊपर रहा। जयपुर एयरपोर्ट से इस वर्ष कुल 43,629 विमानों का संचालन हुआ, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 48,407 था। यानी विमान संचालन में लगभग 9.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की। मार्च 2026 में जयपुर एयरपोर्ट पर 3,835 फ्लाइट मूवमेंट हुए, जबकि मार्च 2025 में यह संख्या 4,441 थी। मार्च महीने में 13.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। जयपुर के बाद सूची में लखनऊ एयरपोर्ट से 40,276, भुवनेश्वर से 39,509, गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट से 38,127 और गोवा के मोपा एयरपोर्ट से 38,111 फ्लाइट का मूवमेंट हुआ।

Comment List