जयपुर एयरपोर्ट के सफाईकर्मियों ने दिखाई ईमानदारी, यात्री का खोया वॉलेट लौटाया
जरूरी दस्तावेज और अन्य कागजात रखे हुए थे
जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। एयरपोर्ट परिसर में सफाई के दौरान हाउसकीपिंग कंपनी के दो कर्मचारियों को एक यात्री का खोया हुआ वॉलेट मिला। वॉलेट में नकदी के साथ यात्री के जरूरी दस्तावेज और अन्य कागजात रखे हुए थे।
सफाईकर्मी आशीष बैरवा और रामगोपाल रैगर को वॉलेट मिलने के बाद उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय तत्काल इसकी जानकारी सुपरवाइजर को दी। दोनों कर्मचारियों ने सुपरवाइजर के माध्यम से वॉलेट को टर्मिनल मैनेजमेंट के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने वॉलेट के वास्तविक मालिक की पहचान और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। पहचान की पुष्टि होने पर यात्री को उसका खोया हुआ वॉलेट सुरक्षित लौटा दिया गया।
वॉलेट वापस मिलने पर यात्री ने एयरपोर्ट कर्मचारियों और दोनों सफाईकर्मियों का आभार जताया। कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता की एयरपोर्ट पर सराहना की गई।

Comment List