जयपुर बना परिधान निर्यात का नया इंजन, वैश्विक बाजार में भारत की बढ़ती ताकत पर मंथन
विस्तृत चर्चा की गई
जयपुर। भारत को वैश्विक परिधान व्यापार में अग्रणी बनाने की दिशा में जयपुर के मैरियट होटल में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग तथा एपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (AEPC) द्वारा क्षेत्रीय प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के परिधान निर्यात क्षेत्र की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। ब्रीफिंग का विषय “वैश्विक परिधान व्यापार में भारत की स्थिति को मजबूत करना : अवसर, चुनौतियां और आगे की राह” रहा। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक दशक में भारत के परिधान एवं वस्त्र क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है।
सरकार की नीतियों, व्यापारिक सुधारों और निर्यात प्रोत्साहन उपायों ने भारतीय परिधान उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत किया है। केंद्र के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार अग्रिम कौशल ने कहा कि राजस्थान, विशेषकर जयपुर, आज देश के प्रमुख परिधान निर्यात केंद्रों में शामिल हो चुका है। राज्य के रेडीमेड गारमेंट निर्यात में जयपुर की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है और यह शहर अपने समृद्ध हस्तशिल्प, कुशल कारीगरों तथा मजबूत विनिर्माण आधार के कारण वैश्विक खरीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। वैश्विक सोर्सिंग में हो रहे बदलावों, नए व्यापार समझौतों से खुल रहे बाजारों, निर्यात अवसंरचना के विकास, लॉजिस्टिक्स सुधार, कौशल विकास और टिकाऊ उत्पादन (सस्टेनेबिलिटी) पर चर्चा हुई।

Comment List