भारत-यूके साहित्यिक रिश्तों को नई उड़ान देगा जयपुर बुकमार्क, 14वें संस्करण में ब्रिटिश काउंसिल के साथ पब्लिशिंग फेलोशिप जारी
एक-दूसरे से जुड़ने और नए अवसर तलाशने का मिलेगा मंच
जयपुर। भारत और यूके के बीच साहित्य, प्रकाशन और अनुवाद के क्षेत्र में नए संबंधों को मजबूत करने की दिशा में जयपुर बुकमार्क और ब्रिटिश काउंसिल की साझेदारी को आगे बढ़ाया जा रहा है। जयपुर बुकमार्क के 14वें संस्करण में भारत-यूके पब्लिशिंग फेलोशिप के जरिए दोनों देशों के स्वतंत्र प्रकाशकों को एक-दूसरे से जुड़ने और नए अवसर तलाशने का मंच मिलेगा। टीमवर्क आर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर संजॉय के रॉय ने कहा कि जयपुर बुकमार्क प्रकाशन समुदाय के लिए महत्वपूर्ण मिलन स्थल बनकर उभरा है।
यह विचारों, किताबों और कारोबार को भाषाओं व सीमाओं के पार पहुंचाने के अवसर तैयार करता है। फेलोशिप स्वतंत्र प्रकाशकों को स्थायी रिश्ते बनाने, नए बाजार तलाशने तथा राइट्स और अनुवाद पर बातचीत शुरू करने का अवसर देती है। ब्रिटिश काउंसिल की डायरेक्टर आर्ट्स इंडिया हेमा सिंह रांस ने कहा कि इस पहल के केंद्र में वे लोग हैं, जो कहानियों की ताकत में विश्वास रखते हैं और उन्हें पाठकों तक पहुंचाने के लिए काम करते हैं। भारत और यूके के स्वतंत्र प्रकाशकों को साथ लाकर साहित्यिक आदान-प्रदान को मजबूत करना साझेदारी का प्रमुख उद्देश्य है।

Comment List