जयपुर दिल्ली हवाई सफर बना 4 घंटे का : मौसम ने रोकी उड़ानों की रफ्तार,आसमान में चक्कर काटते रहे विमान
इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट भी मौसम की मार से प्रभावित
जयपुर। खराब मौसम ने जयपुर एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी, शुक्रवार रात कई उड़ानें प्रभावित हुईं। सबसे ज्यादा परेशानी जयपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2376 के यात्रियों को उठानी पड़ी। सामान्य तौर पर करीब एक घंटे का हवाई सफर खराब मौसम के कारण करीब चार घंटे में पूरा हो सका। एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2376 रात 10.40 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। विमान काफी देर तक दिल्ली के आसमान में चक्कर लगाता रहा। स्थिति सामान्य नहीं होने पर फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट करना पड़ा। इसके बाद रात करीब 2.40 बजे विमान चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंच सका। यात्रियों ने बताया कि सड़क मार्ग से भी कम समय में दिल्ली पहुंचा जा सकता था, लेकिन हवाई सफर में ही चार घंटे से ज्यादा समय लग गया। वहीं जयपुर आने वाली इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट भी मौसम की मार से प्रभावित हुई।
चंडीगढ़ से जयपुर आने वाली फ्लाइट 6ई 7413 निर्धारित समय से करीब 15 मिनट देरी से रात 11.05 बजे जयपुर के आसमान में पहुंची, लेकिन खराब मौसम के चलते उसे भी तुरंत लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। विमान करीब एक घंटे तक जयपुर के आसमान में चक्कर काटता रहा। रात 12.05 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो सकी। लंबे इंतजार के कारण यात्रियों में भी चिंता और डर का माहौल बन गया। इसके अलावा जयपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की दो उड़ानें रद्द भी करनी पड़ीं। इनमें अहमदाबाद से जयपुर आने वाली फ्लाइट 6ई 7145 और जयपुर से देहरादून जाने वाली फ्लाइट 6ई 7274 शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार विमान उपलब्ध नहीं होने के कारण इन उड़ानों को रद्द किया गया। मौसम की खराब स्थिति के चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों को लगातार अपडेट दिए जाते रहे। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था और उड़ानों की नई जानकारी उपलब्ध कराई गई। मौसम साफ होने के बाद ही हवाई यातायात सामान्य हो सका।

Comment List