जयपुर जेम एंड ज्वैलरी बोर्स बनेगा वैश्विक रंगीन रत्न व्यापार का सबसे बड़ा केंद्र
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समर्थन से परियोजना को मिली नई गति
जयपुर। विश्वभर में रंगीन रत्नों (कलर्ड जेमस्टोन्स) की बढ़ती मांग के बीच जयपुर जेम एंड ज्वैलरी बोर्स (JGJB) को वैश्विक रत्न व्यापार की दिशा बदलने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना के रूप में देखा जा रहा है। राजस्थान सरकार के सहयोग और अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के समर्थन से यह परियोजना जयपुर को रंगीन रत्नों की वैश्विक राजधानी के रूप में और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में विश्व आभूषण परिसंघ (CIBJO) के अध्यक्ष Gaetano Cavalieri तथा जयपुर जेम एंड ज्वैलरी बोर्स के चेयरमैन एवं CIBJO के उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल डेरेवाला ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति और संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में कैवेलियरी ने मुख्यमंत्री और राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना वैश्विक रंगीन रत्न उद्योग के लिए एक पारदर्शी, संगठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ा हुआ व्यापारिक मंच उपलब्ध कराएगी। उन्होंने इसे केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे, नीतिगत सहयोग, कौशल विकास और निवेश-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। इससे उद्योग जगत का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा विश्वस्तरीय व्यापारिक केंद्र स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

Comment List