जयपुर- इस खूबसूरत शहर को अपना घर कहना हमारे लिए सौभाग्य की बात, सिटी पैलेस में 2 वर्ष तक चलेगा जश्न
18 नवंबर से होगी शुरूआत
जयपुर। वर्ष 1727 में जब सवाई जय सिंह द्वितीय ने जयपुर की स्थापना की, तब उनका उद्देश्य केवल एक नया शहर बसाना नहीं था, बल्कि एक ऐसे शहर का निर्माण करना था, जहां वास्तुकला, विज्ञान, शिल्प, प्रशासन और व्यापार का बेहतर तालमेल हो। एक सुनियोजित शहर के रूप में शुरू हुआ जयपुर आज अपनी समृद्ध विरासत, कला, संस्कृति और परंपराओं के लिए दुनिया भर में पहचान रखता है। अगले वर्ष, 2027 में यह शहर अब अपनी 300 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाने जा रहा है। जयपुर की स्थापना के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सिटी पैलेस में 18 नवंबर से दो वर्षीय समारोह की शुरूआत होने जा रही है। इस दौरान शहर के इतिहास, स्थापत्य, कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनमें व्याख्यान, संगीत समारोह, शिल्प एवं डिजाइन उत्सव, पुस्तकों का प्रकाशन और फिल्मों का निर्माण शामिल है। इस पहल का उद्देश्य जयपुर की 300 वर्षों की यात्रा को सामने लाने के साथ-साथ इसकी समृद्ध विरासत को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
दुनिया भी जाने जयपुर की विरासत :
जयपुर की पहचान केवल इसके भवनों, स्मारकों और स्थापत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की परंपराओं, कला, संस्कृति और लोगों के योगदान ने भी शहर को एक अलग पहचान दी है। इस दो वर्षीय समारोह के तहत जयपुर की विरासत के विभिन्न पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। शहर के इतिहास और संस्कृति पर एक-दो फिल्मों के निर्माण की योजना भी है। हमारा प्रयास रहेगा कि इस आयोजन के माध्यम से शहर की विरासत के हर महत्वपूर्ण पहलू को सामने लाया जाए और हर क्षेत्र में हमारी ओर से योगदान दिया जा सके।
कछवाहा राजवंश के इतिहास पर होगा शोध :
इस जश्न के तहत जयपुर के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर गहन शोध को बढ़ावा देने के लिए सिटी पैलेस में ढूंढाड़ रिसर्च सेंटर की शुरूआत की जाएगी। इस केंद्र के माध्यम से कछवाहा राजवंश के इतिहास और उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर शोध किया जाएगा। इसके लिए देश और विदेश के शोधकर्ताओं को फेलोशिप भी दी जाएगी, ताकि वे जयपुर और ढूंढाड़ क्षेत्र के इतिहास, स्थापत्य, कला, शिल्प और अन्य सांस्कृतिक पहलुओं पर अध्ययन कर सकें। इस पहल का उद्देश्य ऐतिहासिक जानकारियों को एकत्रित करना, उनका डॉक्यूमेंटेशन करना और शोध के माध्यम से जयपुर की विरासत को बेहतर ढंग से समझना है।
इसके बारे में सोचते हैं तो गर्व होता है :
अगले साल जयपुर के 300 वर्ष पूरे होना हमारे लिए प्रसन्नता के साथ-साथ गर्व का अवसर भी है। इस खूबसूरत शहर को अपना घर कहने और इसकी विरासत को सहेजने में अपनी छोटी-सी भूमिका निभाने का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। यह उत्सव जयपुर की तीन सदियों की सोच, संस्कृति और खूबसूरती के साथ-साथ उन सभी पीढ़ियों को समर्पित है, जिन्होंने इस शहर को बनाया और जो आने वाले समय में इसे नई पहचान देंगी।

Comment List