तीसरी आंख से अपराध पर वार : जयपुर पुलिस के हाईटेक ड्रोन बने बदमाशों के लिए खौफ, आमजन के लिए सुरक्षा कवच
अंधेरी रातों में भी नजर रख रहे बाज
जयपुर। अब जयपुर में अपराधियों के लिए बच निकलना आसान नहीं रहा। हाईटेक ड्रोन तकनीक के जरिए पुलिस शहर में अपराधियों की हर हरकत पर रियल टाइम निगरानी कर रही है। चेन स्नेचिंग, अवैध शराब बिक्री, नशा तस्करी, जूआ, उपद्रव और ट्रैफिक अव्यवस्था, भीड़ इकट्ठी होने जैसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई कर जयपुर पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि अपराध करोगे तो बच नहीं पाओगे।
यूं समझे ड्रोन नियंत्रण
जयपुर पुलिस पिछले करीब आठ माह से शहर के चारों पुलिस जिलों में ड्रोन निगरानी अभियान चला रही है। अलग-अलग दिन और समय पर आकस्मिक तरीके से 3 से 4 घंटे तक ड्रोन उड़ाए जाते हैं। करीब 500 फीट ऊंचाई पर उड़ने वाले ये हाईटेक ड्रोन एक ही स्थान से लगभग 2 किलोमीटर क्षेत्र पर नजर रखने में सक्षम हैं। निगरानी के दौरान इनकी लाइट बंद रहती है, जिससे अपराधियों को इसकी भनक तक नहीं लगती।
यह है ड्रोन टीम
ड्रोन संचालन की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी मंजू राणा के नेतृत्व में कांस्टेबल वेद प्रकाश, नितेश, प्रहलाद, शंकर, दुर्गाशंकर और काले खां की टीम संभाल रही है। सभी टीमें अभय कमांड सेंटर से लगातार संपर्क में रहती हैं। यह टीम एसीपी नितिशा जाखड़ के नेतृत्व में काम करती है।
भीड़ एकत्र भी नहीं होने देते
जयपुर पुलिस के ड्रोन केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं हैं। दंगा, धरना-प्रदर्शन, रैली, ट्रैफिक जाम और वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी इनका इस्तेमाल किया जा रहा है। कई संवेदनशील इलाकों में छतों पर जमा पत्थर और कांच की बोतलों की पहचान कर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर हालात बिगड़ने से रोका। एक हजार सूचनाओं से रुके अपराध और बनी कानून व्यवस्था : ड्रोन के हाई डेफिनेशन कैमरे रात के अंधेरे में भी साफ तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करते हैं। संदिग्ध गतिविधि को ड्रोन टीम सीधे पुलिस कंट्रोल रूम और अभय कमांड सेंटर को सूचना देती है। संबंधित टीम तुरंत मौके पर कार्रवाई करती है। ड्रोन टीमों ने 1000+ सूचनाएं थानों को दी जा चुकी हैं।
जयपुर शहर में संदिग्ध और अपराधी गतिविधियों पर लगातार ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। जहां भी अवांछित गतिविधि दिखाई देती है, तुरंत संबंधित थाने को सूचना देकर कार्रवाई करवाई जाती है। भविष्य में तकनीक को और मजबूत कर अपराधियों पर और सख्ती से शिकंजा कसा जाएगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
डॉ. राजीव पचार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर कमिश्नरेट

Comment List