बिना टैक्स चल रहे डंपरों पर शिकंजा : जयपुर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, खान विभाग को भेजी सूची
कार्रवाई के लिए पत्र जारी
जयपुर में बिना अग्रिम टैक्स चल रहे डंपरों पर परिवहन विभाग सख्त हो गया है। 1000 से ज्यादा वाहनों की सूची खान विभाग को भेजी गई है। अब इनके ई-रवन्ना बंद कर खनन कार्य रोका जाएगा। टैक्स नहीं भरने पर पेनल्टी, 5000 जुर्माना और मौके पर वाहन सीज करने की कार्रवाई होगी।
जयपुर। परिवहन विभाग ने बिना अग्रिम कर चुकाए संचालित हो रहे डंपरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। जयपुर आरटीओ प्रथम ने ऐसे वाहनों पर कार्रवाई तेज करते हुए एक हजार से अधिक डंपरों की सूची खान विभाग को भेजी है। इन डंपर मालिकों ने अग्रिम टैक्स जमा नहीं कराया है, जबकि नियमों के अनुसार बिना टैक्स भुगतान के कोई भी वाहन सड़क पर संचालित नहीं हो सकता। अब इन वाहनों की टैक्स वसूली सुनिश्चित करने के लिए उनके ई-रवन्ना (ई-ट्रांजिट पास) बंद किए जा रहे हैं, जिससे खनन कार्य में इनका उपयोग रुक सके।
इसके बावजूद यदि वाहन मालिक टैक्स जमा नहीं कराते हैं, तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बकाया टैक्स पर पेनल्टी लगाने के साथ ही ऐसे वाहनों को मौके पर ही सीज किया जाएगा और पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा। आरटीओ राजेंद्र सिंह शेखावत के निर्देश पर डीटीओ आदर्श राघव ने इस संबंध में कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया है।

Comment List