जयपुर की कानून-व्यवस्था चौपट, अपराधों से आमजन में दहशत : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की राजधानी जयपुर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जयपुर की कानून-व्यवस्था चौपट हो गई है और लगातार हो रहे अपराधों से आमजन में दहशत का माहौल है। सरकार को करोड़ों रुपये के विज्ञापनों से बाहर निकलकर कानून-व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। गहलोत ने जामडोली में बुधवार रात हुई लूट की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पांच बदमाशों ने दो ज्वेलर भाइयों पर सरियों और डंडों से हमला कर 20 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों के पीछे दौड़ी एक महिला पर फायरिंग भी की गई। इसी महीने की पहली तारीख को टोंक रोड स्थित घड़ियों के शोरूम से पांच करोड़ रुपये की चोरी हुई।
उन्होंने कहा कि जयपुर का सिविल लाइंस क्षेत्र सबसे सुरक्षित इलाकों में माना जाता है। यहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री का निवास भी है। इसके बावजूद पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के घर चोरी की खबर सामने आई है। जब शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में ही चोरी हो जाए, तो आम आदमी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। गहलोत ने जयपुर के सेंट्रल पार्क से कुछ दिन पहले एक व्यापारी के अपहरण की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए लगभग तीन वर्ष हो गए हैं, लेकिन राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने सरकार से आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

Comment List