जेसीटीएसएल कर्मचारियों का विभिन्न मांगों को लेकर धरना, विश्नोई ने कहा- प्रबंधन के वार्ता नहीं करने पर मजबूरन तेज करना पड़ा आंदोलन
इंटक के बैनर तले चल रहा आंदोलन
शहीद स्मारक पर जेसीटीएसएल कर्मचारियों का धरना तेज हो गया है। इंटक के बैनर तले कर्मचारी ग्रेच्युटी लागू करने, लंबित एनपीएस/जीपीएस जमा, ओवरटाइम भुगतान, भर्ती और नई बसों की मांग कर रहे हैं। वार्ता न होने पर दो कर्मचारी आमरण अनशन पर बैठे, चेतावनी—मांगें नहीं मानी तो आंदोलन उग्र होगा।
जयपुर। शहीद स्मारक पर जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीएसएल) कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे है। आंदोलन जेसीटीएसएल मजदूर कांग्रेस (इंटक) के बैनर तले चल रहा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ग्रेच्युटी एक्ट लागू करना, एनपीएस/जीपीएस का लंबित बकाया जमा करना, ओवरटाइम भुगतान, रिक्त पदों पर भर्ती, नई बसों की खरीद, वरिष्ठता सूची जारी करना और खराब बसों का नियमित मेंटेनेंस शामिल है।
संघ के अध्यक्ष रामकुंवार विश्नोई ने बताया कि 16 अप्रैल को मुख्यालय पर प्रदर्शन के बावजूद प्रबंधन ने वार्ता नहीं की, जिससे कर्मचारियों को मजबूरन आंदोलन तेज करना पड़ा। सकारात्मक समाधान नहीं मिलने पर मनीष श्रीमाली और नरेंद्र गोचर ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Comment List