जेसीटीएसएल कर्मचारियों का प्रदर्शन, मांगें नहीं मानी तो कार्य बहिष्कार की चेतावनी.
लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं
जयपुर। जेसीटीएसएल के कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर लालकोठी स्थित जेसीटीएसएल मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जेसीटीएसएल मजदूर कांग्रेस (इंटक) के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व बाबूलाल न्यांगली ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पीएम-ई बसों की शीघ्र आपूर्ति, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, खराब बसों के समय पर मेंटेनेंस, एनपीएस और जीपीएस से जुड़े बकाया भुगतान, कार्यालय कार्य में रोस्टर व्यवस्था लागू करने, आदेशों की अवहेलना करने वाले डिपो प्रबंधकों को हटाने, ईटीआईएम फर्म को ब्लैकलिस्ट करने तथा आठ घंटे से अधिक ड्यूटी लेने पर ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित करने सहित कई मांगें रखीं।
यूनियन के अध्यक्ष रामकुंवार विश्नोई ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से उनमें भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन अपने आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं करता और मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन तेज करेगा और आवश्यकता पड़ने पर कार्य बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए भी बाध्य होगा।

Comment List