न्यू सांगानेर रोड पर जेडीए की कार्रवाई : बेटी की शादी के दिन मैरिज गार्डन पर चला बुलडोजर, खुशियों में पसरा मातम
व्यापारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देश पर जयपुर विकास प्राधिकरण ने बुधवार को न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची जेडीए की कार्रवाई ने कई परिवारों के लिए मुश्किल खड़ी कर दी। किसी का वर्षों पुराना मकान टूटा तो किसी की रोजी रोटी का ठिकाना उजड़ गया। सबसे दर्दनाक तस्वीर कलकत्ता मैरिज गार्डन की रही, जहां बुधवार को ही बेटी की शादी होनी थी और जोधपुर से बारात आने वाली थी। शादी के लिए सजाया गया गेट और डेकोरेशन बुलडोजर की कार्रवाई में हटा दिया। परिवार की खुशियां चिंता और परेशानी में बदल गईं। हाईकोर्ट के आदेश पर जेडीए ने गुर्जर की थड़ी के पास मेट्रो पिलर नंबर 84 से सोडाला तिराहे की ओर पिलर नंबर 107 तक करीब 800 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई की। सुबह आठ बजे शुरू हुई कार्रवाई करीब सात घंटे चली। इस दौरान 80 से अधिक मकान दुकानों के आगे बने अवैध निर्माण हटाए। शादी का दिन, गेट टूटा तो छलक पड़े आंसू- कलकत्ता मैरिज गार्डन में बेटी की शादी के लिए तैयारियां पूरी थीं। परिवार ने जेडीए अधिकारियों से शाम तक गेट नहीं तोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन सजावट और डेकोरेशन गेट भी हटा दिया। लड़की की मां चंद्ररेखा ने कहा कि बुकिंग के समय गार्डन संचालक ने ऐसी किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी थी। अब शादी के दिन सब अस्त व्यस्त हो गया है। पिता अमर सिंह ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से शाम तक गेट छोड़ने की अपील की थी, लेकिन बाद में उसे भी तोड़ दिया।
व्यापारियों ने बताया तुगलकी फरमान :
कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया। व्यापारी पंकज शर्मा ने कहा कि पहले चरण के बाद अब दूसरे चरण में भी व्यापारियों को ठगा हुआ महसूस हो रहा है। प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विक्रम चाहर ने कहा कि वे 25 साल से यहां कारोबार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सर्वे मेट्रो लाइन को आधार बनाकर किया, जबकि मेट्रो लाइन का अलाइनमेंट ही सही नहीं है।
गरीबों पर कार्रवाई, रसूखदार भवनों को राहत का आरोप :
स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई में भेदभाव के आरोप भी लगाए। दुर्गालाल ने कहा कि उनकी दुकान तोड़ दी, लेकिन ठीक पीछे बनी कथित अवैध बिल्डिंग पर कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि रसूख के चलते सील होने के बावजूद भवन दो दिन में खुल गया।
100 फीट सड़क के लिए हटाए जा रहे 260 अतिक्रमण :
जेडीए की यह दूसरे चरण की कार्रवाई थी। इससे पहले 5 अक्टूबर को गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक करीब 700 मीटर क्षेत्र में 50 मकान दुकानों से अतिक्रमण हटाए थे। गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर सड़क पर कुल 260 अतिक्रमण हटाने हैं। सड़क की निर्धारित चौड़ाई 100 फीट है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कई जगह यह 40 से 60 फीट ही रह गई है। प्रवर्तन अधिकारी इस्माइल खान ने बताया कि दूसरे चरण में 70 से 80 अतिक्रमण हटाए गए और कुछ लोगों ने स्वयं भी निर्माण हटा लिए।

Comment List