जेडीसी ने हीरापुरा बस टर्मिनल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड पर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जेडीसी ने यात्रियों की सुविधाओं में कमी को लेकर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश।
जयपुर। जेडीए आयुक्त (जेडीसी) सिद्धार्थ महाजन ने शुक्रवार को अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड पर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जेडीसी ने यात्रियों की सुविधाओं में कमी को लेकर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। महाजन ने टर्मिनल परिसर में कुछ कमरे बंद पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के बजाय यहां स्टाफ रूम बना दिए गए हैं, जो अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान जेडीसी ने पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नए पानी के टैंक के निर्माण के निर्देश दिए। इसके साथ ही यात्रियों के लिए फीडिंग रूम (विश्राम एवं भोजन कक्ष) बनाने के भी आदेश दिए गए। गर्मियों के मौसम को देखते हुए उन्होंने बस स्टैंड परिसर में अतिरिक्त पंखे लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। इस मौके पर परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा, जयपुर आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत, जयपुर आरटीओ द्वितीय धर्मेंद्र चौधरी सहित जेडीए और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List