जूली का भाजपा पर हमला : चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए टेंडर शर्तों को बदला, क्या सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच करवा सकेगी?
सरकार की नाक के नीचे भ्रष्ट तंत्र
डीआईपीआर विभाग में कथित टेंडर घोटाले को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। जूली का दावा है कि एक भाजपा प्रवक्ता के भाई की फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर शर्तें बदली गईं। उन्होंने सवाल उठाया—क्या एसीबी निष्पक्ष जांच कर भ्रष्टाचार और कथित पक्षपात का सच सामने लाएगी?
जयपुर। डीआईपीआर विभाग में एक फर्म को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। जूली ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री के अधीन आने वाले डीआईपीआर विभाग में एक भाजपा प्रवक्ता के भाई की फर्म को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर की शर्तो में परिवर्तन किया जाना दिखाता है कि सरकार की नाक के नीचे कैसे पूरा भ्रष्ट तंत्र पैदा हो गया है।
चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए टेंडर की पूर्व निर्धारित शर्तों को बदल दिया गया है। क्या एसीबी जांच करेगी कि आखिर किसे लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर की शर्तों में बदलाव किया गया है। क्या सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच करवा सकेगी।

Comment List