खरीफ फसल बीमा की मियाद बढ़ी : अब 16 अगस्त तक मिलेगा मौका, किसानों को राहत
पहले अंतिम तिथि 31 जुलाई थी
जयपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2026 में फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 16 अगस्त कर दी गई है। पहले अंतिम तिथि 31 जुलाई थी। तिथि बढ़ने से उन किसानों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में बीमा नहीं करा पाए। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि योजना के तहत ऋणी, गैर-ऋणी और बटाईदार किसान अपनी खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं। सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़, ओलावृष्टि, चक्रवात, जलभराव सहित अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
किसान राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल, बैंक, सहकारी समिति, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और अधिकृत वित्तीय संस्थानों के माध्यम से 16 अगस्त तक बीमा करा सकेंगे। गैर-ऋणी किसानों के लिए एग्रीस्टैक आईडी अनिवार्य है। बीमित फसल में संशोधन 14 अगस्त तक कराया जा सकेगा, जबकि योजना से बाहर होने के लिए 9 अगस्त तक घोषणा-पत्र देना होगा। खरीफ खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों पर किसान प्रीमियम का केवल 2 प्रतिशत भुगतान करेंगे। आयुक्त ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर बीमा कराने की अपील की।

Comment List