समस्याओं में उलझा किशनपोल विस क्षेत्र : तंग गलियां, अतिक्रमण और तारों का जाल, अवैध पार्किंग से जाम
पोलों पर तारों का मकड़जाल
जयपुर। किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 104 से 115 तक शहरी व्यवस्थाओं से जुड़ी कई समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। पुराने शहर के इस हिस्से में तंग गलियां, बाजारों में अतिक्रमण, आवारा पशु, अव्यवस्थित पार्किंग, ई-रिक्शा की अधिक संख्या, झूलते तार, गंदगी और सीवरेज जाम जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। कई जगह स्थानीय स्तर पर किए गए अतिक्रमणों के कारण पहले से संकरी गलियां और छोटी हो गई हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई समस्याओं के समाधान के लिए समय-समय पर कार्रवाई और योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
पोलों पर तारों का मकड़जाल
इलाके की संकरी गलियों में लगे बिजली के पोलों पर इंटरनेट और अन्य संचार सेवाओं के तारों का जाल फैला हुआ है। तारों को भूमिगत करने की योजनाएं पहले भी बनाई गई हैं, लेकिन अब तक धरातल पर इसका प्रभाव नजर नहीं आया है। संकरी गलियों में यह व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
चांदपोल-छोटी चौपड़ के बीच दिनभर जाम
चांदपोल बाजार से छोटी चौपड़ के बीच बड़ी संख्या में ई-रिक्शा संचालित होते हैं। इनके चलते दिनभर यातायात दबाव बना रहता है। इसके अलावा सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेले और वाहनों की पार्किंग जाम की समस्या को और बढ़ा देती है। बाजार क्षेत्र में पैदल चलने वालों को जगह की कमी का सामना करना पड़ता है।
गलियों में कचरा, सीवरेज जाम से परेशानी
चारदीवारी क्षेत्र की कई कॉलोनियों में सीवरेज जाम की समस्या बनी हुई है। वहीं तंग गलियों में जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई देते हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
आवारा पशु और बंदरों का आतंक
सड़कों पर दिनभर आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। इनके कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से समय-समय पर पशु पकड़ने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन समस्या स्थायी रूप से खत्म नहीं हो रही। इसके साथ ही बंदरों और आवारा श्वानों का आतंक भी कई इलाकों में बना हुआ है।
अवैध डेयरियां भी बड़ी चुनौती
क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध रूप से डेयरियां संचालित होने की शिकायतें हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी के बीच संचालित डेयरियों और उनसे जुड़ी समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। पुराने शहर के इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में अलग-अलग समस्याओं पर खानापूर्ति के बजाय विभागों के समन्वय से स्थायी समाधान की जरूरत है।
चा रदीवारी क्षेत्र में अवैध पार्किंग से जाम लगा रहता है। यहां पर नालियों और सीवरेज, रोड लाइटों और तंग गलियों में अतिक्रमण की प्रमुख समस्या है। निगम प्रशासन कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करता है।
जुगल गुर्जर, स्थानीय निवासी
कि शनपोल विधानसभा के अधिकतर क्षेत्र में ट्रेफिक जाम, अतिक्रमण और आवारा पशुओं का जमावड़ा मुख्य समस्या है। इनका निदान हो तो काफी हद तक सुधार हो सकता है।
विजय सोनी, पूर्व पार्षद

Comment List