प्रयोगशाला सहायक भर्ती-2018 : ओएमआर शीट में फर्जीवाड़ा कर चयनित अभ्यर्थी एसओजी के हत्थे चढ़ा, जानें पूरा मामला
ओएमआर स्कैनिंग के दौरान उसके 191 अंक दर्शा दिए
जयपुर। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2018 में ओएमआर शीट में कथित फर्जीवाड़ा कर अनंतिम रूप से चयनित हुए एक और अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार सैनी (30) निवासी धांधोलाई, हाल राजेश पायलट कॉलेज के पास, बांदीकुई, जिला दौसा के रूप में हुई है। एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2018 से संबंधित प्रकरण संख्या 8/2025 की जांच के दौरान सामने आया कि ओएमआर शीट स्कैनिंग करने वाली एजेंसी राभव लिमिटेड के कर्मचारियों विनोद कुमार गौड़ और शादान खान ने 27 अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट में कांट-छांट कर उन्हें अनुचित तरीके से अनंतिम रूप से चयनित कराया।
जांच में यह भी सामने आया कि एजेंसी के कर्मचारियों ने कंपनी के कार्यकारी निदेशक रामप्रवेश सिंह तथा अभ्यर्थियों के साथ मिलीभगत कर ओएमआर स्कैनिंग में हेराफेरी की। इस मामले में कंपनी के दोनों कर्मचारियों, कार्यकारी निदेशक तथा अभ्यर्थी महेन्द्र कुमार मीना, देवेन्द्र सिंह गुर्जर, विजय सिंह मीना, पिन्टू कुमार मीना और संजय कुमार सैनी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी के अनुसार, आरोपी पंकज कुमार सैनी के वास्तविक अंक केवल 04 थे, लेकिन ओएमआर स्कैनिंग के दौरान उसके 191 अंक दर्शा दिए गए। बाद में कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा दोबारा ओएमआर शीट की स्कैनिंग कराने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ और उसके वास्तविक अंक 04 पाए गए।

Comment List