चित्तौड़गढ़ में किसानों के लिए बड़ी सिंचाई योजना, मातृकुंडिया बांध से डिंडोली फीडर तक लिंक चैनल निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू
सुविधाओं को मजबूत करना और क्षेत्र के किसानों को लाभ पहुंचाना
जयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले की राशमी तहसील में मातृकुंडिया बांध से डिंडोली फीडर तक लिंक चैनल निर्माण परियोजना के लिए राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआईए) अधिसूचना जारी की गई है। परियोजना का उद्देश्य मातृकुंडिया बांध का पानी डिंडोली फीडर तक पहुंचाकर सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करना और क्षेत्र के किसानों को लाभ पहुंचाना है। अधिसूचना के अनुसार, "भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013" के तहत सामाजिक प्रभाव आकलन कराया जाएगा। इस दौरान प्रभावित भूमि, किसानों, परिवारों और आजीविका पर पड़ने वाले प्रभाव का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। स्थानीय लोगों से सुझाव और आपत्तियां भी आमंत्रित की गई हैं, ताकि अंतिम निर्णय से पहले सभी पक्षों को सुना जा सके। परियोजना के लिए राशमी तहसील के विभिन्न गांवों की कृषि भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
अधिसूचना में प्रभावित खातेदारों, खसरा नंबरों तथा भूमि क्षेत्र का विस्तृत विवरण भी शामिल किया गया है। सामाजिक प्रभाव अध्ययन की रिपोर्ट के आधार पर आगे की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार का कहना है कि परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, जल प्रबंधन में सुधार होगा और किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

Comment List