छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई, अब 31 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
विद्यार्थियों को राहत देते हुए इसमें दो महीने की बढ़ोतरी
जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित थी। विभाग ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए इसमें दो महीने की बढ़ोतरी की है। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार छात्रवृत्ति पोर्टल पर विद्यार्थियों के पेपरलेस ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों को भी पोर्टल पर पंजीकरण और नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता तथा पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर से संबंधित जानकारियां अपडेट करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। विभाग ने इस संबंध में 31 जुलाई और 29 सितंबर 2026 को जारी पूर्व आदेशों में आंशिक संशोधन किया है।
नए आदेश के तहत राजकीय और निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर सकेंगे। विभाग के अतिरिक्त निदेशक (छात्रवृत्ति) ने स्पष्ट किया है कि आदेश की शेष शर्तें पूर्ववत रहेंगी। इस फैसले से आवेदन से वंचित रह गए विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।

Comment List