देश छोड़ा, पहचान बदली फिर भी नहीं बच सका तस्कर सोहनलाल; एएनटीएफ ने बिहार के रक्सौल बॉर्डर पर दबोचा
शराब तस्करी से शुरू किया अपराध
जयपुर। एएनटीएफ ने ऑपरेशन विषनहस के तहत छह साल से फरार 75 हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर सोहनलाल विश्नोई निवासी धोरीमन्ना बालोतरा को नेपाल से भारत लाकर बिहार के रक्सौल बॉर्डर पर गिरफ्तार कर लिया। वह 10 अक्टूबर को नेपाल से भूटान भागने की तैयारी में था। एएनटीएफ के अनुसार यह राजस्थान पुलिस की पहली अंतरराष्ट्रीय फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी है। इसके साथ ही एएनटीएफ अब तक देश-विदेश से 103 फरार इनामी तस्करों को पकड़ चुकी है।
शराब तस्करी से शुरू किया अपराध
आईजी विकास कुमार ने बताया कि 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद सोहनलाल गलत संगत में पड़ गया और शराब की लत लगने पर 2016 से अवैध शराब तस्करी करने लगा। एक मामले में वह 30 दिन बाड़मेर जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद उसने डोडा-पोस्त और अफीम की तस्करी शुरू कर दी। वह मध्यप्रदेश के नीमच और राजस्थान के चित्तौड़गढ़, उदयपुर व भीलवाड़ा से माल जुटाकर मारवाड़ और पंजाब के तस्करों तक पहुंचाता था।
12 राज्यों में ठिकाने बदले
2020 में जालौर के चितलवाना थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, गोवा, दिल्ली, चंडीगढ़ और आंध्रप्रदेश समेत कई स्थानों पर छिपा रहा। मोबाइल से भी दूरी बनाए रखी। 2025 में एएनटीएफ के गठन और कार्रवाई तेज होने के बाद अक्टूबर में नेपाल के काठमांडू चला गया।

Comment List