तीसरी बार मां बनी शेरनी तारा : दो शावकों को दिया जन्म, सीसीटीवी कैमरे से की जा रही इनकी मॉनिटरिंग
शावकों को किया नियो नेटल केयर यूनिट में शिफ्ट
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मई, 2017 को नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में शेरनी तेजिका ने तीन शावकों को जन्म दिया था।
जयपुर। नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क स्थित लायन सफारी में रह रही 8 वर्षीय प्योर एशियाटिक शेरनी तारा ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे दो शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार शावकों को जन्म देने के बाद यहां प्योर एशियाटिक शेरों के कुनबे में बढ़ोतरी हुई है। सीसीटीवी कैमरे से इनकी निगरानी की जा रही है। अभी बायोलॉजिकल पार्क में शेर त्रिपुर, शेरनी सृष्टि एवं शावक शेरा और लॉयन सफारी में शेर शक्ति, शेरनी तारा और शेरनी दुर्गा है। अब शावक होने के बाद इनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई है। देर रात दोनों शावकों को मां से अलग रेस्क्यू सेंटर स्थित नियो नेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया है। जानकारी के अनुसार, शेरनी तारा शावकों को दूध फीड नहीं करा रही है। इसलिए इन्हें शिफ्ट किया गया है।
पहली बार मरा हुआ शावक हुआ
शेरनी तारा के पहली बार साल 2022 में एक मरा हुआ शावक हुआ था। इसके बाद साल 2024 में दो शावकों में एक मरा हुआ था। शेरनी तारा के दांत लगने से दूसरे शावक के घाव होने से मृत्यु हो गई थी। वहीं, तीसरी बार अब साल 2025 में दो शावकों को जन्म दिया है।
मई का अजब संयोग
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मई, 2017 को नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में शेरनी तेजिका ने तीन शावकों को जन्म दिया था। इनमें शेरनी तारा भी शामिल थी। मई, 2017 में जन्मी शेरनी तारा ने 6 मई, 2025 को दो शावकों को जन्म दिया है। जिसे एक संयोग ही माना जा रहा है।
मंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी
वन मंत्री संजय शर्मा ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेरनी तारा और शावकों का वीडियो पोस्ट कर ये जानकारी साझा की। इसमें उन्होंने लिखा कि ‘नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क से अच्छी खबर... शेरनी तारा ने दो शावकों को जन्म दिया’।

Comment List