‘जीओ और जीने दो’ का संदेश लेकर 14 अक्टूबर को निकलेगी महावीर जी की पदयात्रा, छह दिनों में तय होगा धार्मिक यात्रा का मार्ग
दोपहर 3 बजे पदयात्रा रवाना होगी
जयपुर। भगवान महावीर के 2552वें निर्वाणोत्सव वर्ष के अवसर पर श्री दिगम्बर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर की ओर से श्री महावीर जी की 40वीं पदयात्रा 14 अक्टूबर को निकाली जाएगी। आगरा रोड स्थित खानिया की संगही जी की नसिया से दोपहर 3 बजे पदयात्रा रवाना होगी। पदयात्रा के बहुरंगी पोस्टर का विमोचन श्री महावीर जी अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष एडवोकेट सुधांशु कासलीवाल ने किया। कासलीवाल ने कहा कि जैन संस्कृति, तीर्थ संरक्षण, अहिंसा, शाकाहार और भगवान महावीर के ‘जीओ और जीने दो’ के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार में पदयात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। संरक्षक सुभाषचंद जैन ने बताया कि पदयात्रा में महिलाएं भी शामिल होंगी और मार्ग में धार्मिक आयोजन होंगे।
पदयात्री 15 अक्टूबर को मोहनपुरा, 16 को दौसा, 17 को सिकंदरा और 18 को गुढ़ाचंद्रजी-नादौती होते हुए 19 अक्टूबर को श्री महावीर जी पहुंचेंगे। यहां जुलूस, सामूहिक दर्शन, सम्मान समारोह, महाआरती, भक्ति संध्या और कवि सम्मेलन होंगे। 20 अक्टूबर को शांति विधान पूजा के बाद बसों से जयपुर वापसी होगी।

Comment List