विधानसभा के पास पेयजल टंकी की जाली टूटी, जल सुरक्षा पर उठे सवाल
लंबे समय से बनी स्थिति के बावजूद मरम्मत नहीं
जयपुर। राजधानी जयपुर में विधानसभा के नजदीक ज्योति नगर स्थित पेयजल टंकी (सीडब्ल्यूआर) की ऊपरी जाली टूटी होने और सीढ़ियां क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लंबे समय से बनी इस स्थिति के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। इससे टंकी में पक्षियों या अन्य बाहरी तत्वों के प्रवेश और पेयजल दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस टंकी से करीब 150 विधायक आवासों के साथ विधानसभा, पेंशन विभाग, विद्युत विभाग और एवरेस्ट कॉलोनी, इन्द्रपुरी, कृष्णानगर, ग्रेटर कैलाश व लालकोठी सहित आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति होती है। ऐसे में टंकी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले में कनिष्ठ अभियंता भरत कुमार राजू और अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार गुप्ता की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं होने के आरोपों की जांच की मांग की गई है। विशेषज्ञ निरीक्षण के साथ टंकी की सफाई, कीटाणुशोधन और पानी की प्रयोगशाला जांच कराने की जरूरत है। हालांकि, फिलहाल पानी दूषित होने की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग को तत्काल जाली और सीढ़ियों की मरम्मत कराकर निरीक्षण व रखरखाव के अभिलेखों की जांच करनी चाहिए, ताकि पेयजल सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Comment List