बस्सी में एक माह के विशेष अभियान से अवैध खनन पर लगी रोक, खान विभाग का दावा
वर्तमान में क्षेत्र में अवैध खनन पूरी तरह बंद
जयपुर। जिले की बस्सी तहसील में अवैध खनन के खिलाफ खान विभाग द्वारा पिछले एक माह से चलाए जा रहे विशेष प्रिवेंटिव एक्शन अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विभाग का दावा है कि हरड़ी, हरध्यानपुरा, घाटा, कुठाड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में सफलता मिली है और वर्तमान में क्षेत्र में अवैध खनन पूरी तरह बंद है।
खनि अभियंता जयपुर श्याम कापड़ी ने बताया कि अधीक्षण खनि अभियंता जयपुर एन.एस. शक्तावत तथा अधीक्षण खनि अभियंता (विजिलेंस) प्रताप मीणा के मार्गदर्शन में 13 जून से यह विशेष अभियान शुरू किया गया था, जिसने रविवार को एक माह पूरा कर लिया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लगातार निगरानी, नियमित गश्त, संयुक्त कार्रवाई और सख्त प्रवर्तन के जरिए अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया, जिससे क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगी।
खनि अभियंता श्याम कापड़ी ने कहा कि अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश बना रहे।

Comment List