भीलवाड़ा के रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क में आधुनिक टेक्सटाइल हब होगा विकसित, 209 हेक्टेयर क्षेत्र में 275 औद्योगिक भूखंड नियोजित
आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी
RIICO ने Roopaheli Textile Park में टेक्सटाइल उद्योगों के लिए 1500 से 36 हजार वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंड आवंटन हेतु उपलब्ध। निवेशक 14 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जयपुर। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी औद्योगिक पहल के तहत भीलवाड़ा जिले के रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क में टेक्सटाइल उद्योग स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। रीको द्वारा प्रत्यक्ष आवंटन योजना के दसवें चरण में 1500 वर्गमीटर से लेकर 36,000 वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंड आवंटन हेतु उपलब्ध कराए गए हैं। निवेशक 14 मई 2026 तक रीको के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। राइजिंग राजस्थान अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार के साथ एमओयू कर चुके निवेशकों को प्राथमिकता दी जा रही है।
वहीं, जिन उद्यमियों ने अभी तक एमओयू नहीं किया है, वे भी अंतिम तिथि तक एमओयू निष्पादित कर योजना का लाभ ले सकते हैं। टेक्सटाइल उद्योगों के लिए विकसित होगा आधुनिक हब भीलवाड़ा जिले की हुरड़ा तहसील में विकसित किए जा रहे इस टेक्सटाइल पार्क में कॉटन एवं नेचुरल फाइबर, मैन मेड फाइबर, गारमेंट एवं रेडीमेड वस्त्र, टेक्निकल टेक्सटाइल, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, वूल प्रोसेसिंग और टेक्सटाइल एक्सेसरीज से जुड़े उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे। करीब 209 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस पार्क में 500 वर्गमीटर से 1.25 लाख वर्गमीटर तक के कुल 275 औद्योगिक भूखंड नियोजित किए गए हैं। यहां स्पिनिंग, वीविंग, प्रोसेसिंग और रेडीमेड गारमेंट इकाइयों के लिए सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Comment List