राजस्थान में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, 3 से 7 सितंबर तक बारिश का दौर
कोटा संभाग में 4-5 सितंबर को भारी बारिश की संभावना
जयपुर। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से जारी मानसून ब्रेक अब खत्म हो गया है। मानसून ट्रफ और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने वेल मार्क लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 3 से 7 सितंबर के बीच मानसून के फिर सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। गुरुवार सुबह धौलपुर, बहरोड़-कोटपूतली और अलवर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर और करौली के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।
भरतपुर के रूपवास में सर्वाधिक 27 मिमी यानी एक इंच से अधिक बारिश हुई। आज 3 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश या भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग व आसपास के जिलों में भारी बारिश हो सकती है। जोधपुर संभाग में मानसून कमजोर रहने की संभावना है, जबकि 4 से 6 सितंबर के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और नागौर में हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। 8 सितंबर से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है।

Comment List