राजस्थान में 48 घंटे में मानसून की एंट्री, 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
2 जुलाई से आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज
जयपुर। राजस्थान में इस बार मानसून निर्धारित समय से करीब 8 दिन की देरी से अगले 48 घंटे में प्रवेश करने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले 13 वर्षों में यह तीसरा अवसर होगा, जब मानसून की एंट्री जुलाई महीने में होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 या 3 जुलाई को मानसून राज्य के पूर्वी हिस्से से प्रवेश करेगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून के प्रभाव से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में 2 जुलाई से आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
खासकर कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 6 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस वर्ष जुलाई महीने में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज हो सकती है। मानसून के पहुंचने से पहले भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। आज राज्य के 24 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अगले तीन दिनों तक तेज अंधड़ और बारिश की चेतावनी भी दी गई है।

Comment List