सोम को बूंदों का ‘नम: शिवाय’ : जयपुर में डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश, अलवर, धौलपुर, करौली, भरतपुर सहित कई जिलों में बरसे बादल
तापमान में 5 डिग्री तक की आई गिरावट
जयपुर। प्रदेश में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हुआ है। इसके असर से सावन के आखिरी सोमवार को जयपुर सहित कई जिलों में मेघ जमकर बरसे। राजधानी जयपुर में दोपहर दो बजे बाद अचानक मौसम बदला और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया।
एक घंटे से भी ज्यादा समय तक जयपुर में तेज बारिश हुई और देर रात तक बूंदाबांदी के रूप में शहर में बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। जयपुर में डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश हुई। बारिश ने प्रशासन के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल कर रख दी। वहीं बारिश के कारण तापमान में भी पांच डिग्री तक की कमी आई और उमस भरी गर्मी से राहत मिली। अलवर, धौलपुर, करौली, भरतपुर, सवाईमाधोपुर, दौसा, खैरथल तिजारा सहित कई जिलों में भी एक से चार इंच तक बारिश हुई। खैरथल तिजारा में करीब चार घंटे तक बारिश हुई। इससे यहां जगह-जगह जलभराव की स्थिति हो गई। यहां चार इंच से ज्यादा बारिश हुई। करौली के हिंडौन में तेज बारिश से बाजारों में पानी भर गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया।
अब आगे क्या ?
मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी उड़ीसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, निजामाबाद व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके असर से पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 26 अगस्त तक बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उदयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में भी हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मानसून कमजोर रह सकता है।

Comment List