जयपुर में 15 से 21 नवंबर तक मनेगा राष्ट्रीय नवजात सप्ताह, शिशुओं की नियमित जांच पर रहेगा जोर
राष्ट्रीय नवजात सप्ताह में चलेंगी विशेष गतिविधियां
जयपुर। नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, समय पर उपचार और बेहतर देखभाल के उद्देश्य से जयपुर प्रथम में 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम नन्हे शिशु, अपार संभावनाएं—सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए नियमित फॉलोअप देखभाल में निवेश करें रखी गई है। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि सप्ताह के दौरान जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में नवजातों की स्वास्थ्य जांच, गुणवत्तापूर्ण देखभाल और नियमित फॉलोअप पर विशेष गतिविधियां होंगी।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि SNCU, NICU और NBSU से डिस्चार्ज नवजातों का फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा। समयपूर्व जन्मे बच्चों में ROP, श्रवण जांच और विकासात्मक निगरानी पर भी विशेष ध्यान रहेगा। चिकित्सा कर्मियों, CHO, ANM और आशा सहयोगिनियों को खतरे के लक्षणों की पहचान, रेफरल, KMC, स्तनपान व पोषण संबंधी परामर्श के लिए जागरूक किया जाएगा। वेल बेबी सेशन, स्तनपान जागरूकता, स्वास्थ्य परामर्श, शिशु शिविर और VHSNC बैठकों के जरिए अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।

Comment List