ईएसआईसी जयपुर में नई कार्डियक कैथ लैब शुरू : एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और जन्मजात हृदय रोगों के उपचार की मिलेगी सुविधा
अन्य हिस्सों में रहने वाले बीमितों को भी मिलेगा
जयपुर। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर में अत्याधुनिक कार्डियक कैथ लैब का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव आशुतोष पेडनेकर, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के सदस्य एस.के. राठौर और चिकित्सा आयुक्त डॉ. आर. श्रीनिवासन मौजूद रहे। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कैथ लैब से ईएसआईसी के बीमित मरीजों को हृदय रोगों के उपचार की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.पी. मीना ने बताया कि इसका लाभ केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में रहने वाले बीमितों को भी मिलेगा। अधिष्ठाता डॉ. राजेश चेतीवाल ने कहा कि यह ईएसआईसी की चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही, यहां प्रशिक्षण ले रहे पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों को भी आधुनिक कार्डियक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी डॉ. गौरव सिंघल ने बताया कि कैथ लैब में एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर इम्प्लांटेशन के साथ बच्चों के जन्मजात हृदय रोगों में एएसडी, वीएसडी और पीडीए डिवाइस क्लोजर किए जाएंगे। इसके अलावा रोटाब्लेशन और इंट्रावेस्कुलर लिथोट्रिप्सी जैसी जटिल एवं अत्याधुनिक प्रक्रियाएं भी उपलब्ध होंगी।

Comment List