अवैध गतिविधियों पर शिकंजा : हुक्का बार और स्पा सेंटरों पर छापा, 9 गिरफ्तार
बड़ी मात्रा में हुक्का फ्लेवर जब्त
जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए अशोक नगर, महेश नगर और सोडाला थाना क्षेत्रों में हुक्का बार तथा स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। इस दौरान एक हुक्का बार संचालक सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर सात लोगों पर जुर्माना लगाया। पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि अशोक मार्ग स्थित ब्लूज कैफे एंड रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। जांच के दौरान यहां बिना लाइसेंस अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा था। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक तरुण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 7 हुक्के, 7 चिलम-पाइप और बड़ी मात्रा में हुक्का फ्लेवर जब्त किए। वहीं हुक्का पीते मिले 7 व्यक्तियों के चालान कर 14 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
इसके अलावा स्पा और मसाज पार्लरों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों पर महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित इन्फिनिटी स्पा सेंटर और सोडाला स्थित वाइल्डस्टोन स्पा सेंटर की जांच हुई। सोडाला थाना पुलिस ने अजमेर रोड स्थित वाइल्डस्टोन स्पा सेंटर पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियों के आरोप में चार जनों को हिरासत में लिया। पुलिस ने संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भी रिपोर्ट भेजी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों, हुक्का बारों और संदिग्ध स्पा सेंटरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comment List