निर्जला एकादशी : मान-मनुहार के साथ शरबत, मिल्क रोज, गन्ने का ज्यूस पिलाया
नवज्योति ने राहगीरों को शरबत पिलाया
जयपुर। निर्जला एकादशी पर शहर में सुबह से जगह-जगह मान-मनुहार से राहगीरों को शरबत, कुल्फी, आइस्क्रीम, मिल्क रोज और गन्ने का ज्यूस पिलाया गया। परकोटे और बाहरी कॉलोनियों में भी दुकानों और कई जगह घरों के बाहर टैंट लगाकर उसमें मध्यम आवाज में भगवान कृष्ण, श्याम बाबा के भजन बजाकर सेवा की गई।
दोपहर तक तेज गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे, जगह-जगह लगे शरबत शिविरों में लोगों की भीड़ रही। दोपहर करीब डेढ़ बजे से तेज बारिश होने के बाद भी लोगों का उत्साह कमजोर नहीं हुआ। बरसात थमने के साथ ही फिर से सेवा शिविर शुरू हो गए।
नवज्योति ने राहगीरों को शरबत पिलाया :
निर्जला एकादशी के अवसर पर दैनिक नवज्योति परिवार की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जोबनेर बाग रेलवे स्टेशन रोड पर राहगीरों को शरबत पिलाया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित सेवा कार्य में बड़ी संख्या में राहगीरों, वाहन चालकों को शरबत पिलाया गया। इस अवसर पर दैनिक नवज्योति के निदेशक हर्ष चौधरी सहित संस्थान के कर्मचारी और सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा और सेवा भाव के साथ राहगीरों को शरबत वितरित किया।
अमृत सेवा के तत्वावधान में अजमेर रोड पर वार्ड कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें निवर्तमान पार्षद राजू अग्रवाल और श्याम यात्रा निर्माण नगर की ओर से ठंडाई और मिल्क रोज की सेवा की गई। नगर निगम उपायुक्त मनीषा ने शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सुनील नागौरी, अनिल जैन, प्रीति अग्रवाल, ललित अग्रवाल, कवी शर्मा, सुरेश शर्मा ने अपना योगदान दिया। मीरा मार्ग पर मानसरोवर में निर्जला एकादशी पर शरबत का पिलाया गया। बड़ी संख्या में राहगिरों को शरबत पिलाया गया।

Comment List