रोड लाइट, सफाई सहित आमजन की समस्याओं की अधिकारी रोजाना करें मॉनिटरिंग : महापौर
हूपर-स्ट्रीट लाइट की समस्याएं उठीं
जयपुर। नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि दीपावली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारी रोजाना मॉनिटरिंग कर समस्याओं का निस्तारण करें। निगम मुख्यालय में मुरलीपुरा जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता योद्धाओं के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर ने सफाई व्यवस्था, राजस्व वृद्धि, विकास कार्यों और नागरिकों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम को जनता का निगम बनाया जाए और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आमजन को अपने काम के लिए कार्यालयों में अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
हूपर-स्ट्रीट लाइट की समस्याएं उठीं :
बैठक में पीपीटी के माध्यम से जोन के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व, सफाई संसाधनों और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। स्थानीय पार्षदों ने हूपर, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशु प्रबंधन और अवैध अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं उठाईं। महापौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। विद्युत अधिकारियों को अंधेरे वाले स्थानों का सर्वे कर आवश्यक क्षमता की लाइटें लगाने के निर्देश दिए।

Comment List