24 मई को राजस्थान में ‘संडेज ऑन साइकिल’ का महाअभियान, फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ेगी प्रदेश की पुलिस इकाइयाँ
साइकिलिंग-योग-रनिंग से मिलेगा फिटनेस का संदेश
24 मई 2026 को “संडेज ऑन साइकिल” अभियान का प्रदेशव्यापी आयोजन। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंह के अनुसार, फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा। कार्यक्रम में साइकिलिंग, योग, रनिंग और रोप स्किपिंग शामिल।
जयपुर। युवाओं और आमजन में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 24 मई 2026 को राजस्थान में “संडेज ऑन साइकिल” अभियान का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (आर्म्ड बटालियन) एवं मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान पुलिस रुपिंदर सिंह द्वारा सभी जिला पुलिस इकाइयों, प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य पुलिस इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। रुपिंदर सिंह ने बताया कि यह विशेष आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आमजन को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में साइकिलिंग के साथ योग, रनिंग और रोप स्किपिंग जैसी गतिविधियाँ भी शामिल रहेंगी, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भागीदारी कर सकें। उन्होंने बताया कि इस बार “संडेज ऑन साइकिल” का आयोजन राष्ट्रमंडल खेल (CWG) थीम पर किया जा रहा है। वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की सफल दावेदारी के बाद यह आयोजन और अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभियान के माध्यम से खेल भावना, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाएगा।

Comment List