दिवाली पर सोने और 9 रत्नों का स्वाद : 1.11 लाख रुपए किलो मिठाई, एक पीस की कीमत 3 हजार रुपए
मिठाई ने तोड़े कीमत के रिकॉर्ड
जयपुर। दिवाली का त्योहार पर मिठाइयों के बाजार में रौनक बढ़ी हुई है। इस बार जयपुर में बाजार में एक ऐसी खास मिठाई आई है, जिसकी कीमत सुनकर अच्छे-अच्छों के होश उड़ सकते हैं। इसका नाम ‘स्वर्ण प्रसादम’ है और कीमत 1 लाख 11 हजार रुपए प्रति किलो रखी गई है। इसका एक पीस खरीदने के लिए भी करीब 3 हजार रुपए खर्च करने होंगे। इस मिठाई को खास बनाने के लिए इसमें 24 कैरेट खाद्य सोना, केसर, चिलगोजे और आयुर्वेदिक स्वर्ण भस्म जैसी सामग्री इस्तेमाल करने का दावा किया जा रहा है। इसकी बनावट और आसमान छूती कीमत के चलते यह मिठाई शहर के मिठाई बाजार में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे खास तौर पर लग्जरी उपहार देने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। दुकानदार के अनुसार, जयपुर के साथ देश के बड़े महानगरों से भी इसके ऑर्डर मिल रहे हैं।
सोने के सिक्के और नौ रत्नों वाली मिठाई भी खास
स्वर्ण प्रसादम के अलावा बाजार में सोने के सिक्कों से सजी मिठाई भी लोगों का ध्यान खींच रही है। इसके 9 पीस का पैक 9,999 रुपए में उपलब्ध है। वहीं, नौ रत्नों से तैयार की गई मिठाई भी ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस बार दिवाली पर मिठाई बाजार में पारंपरिक स्वाद के साथ लग्जरी का नया अंदाज देखने को मिल रहा है। हालांकि, इनकी कीमत आम ग्राहकों के बजट से बाहर है, लेकिन खास लोगों को उपहार देने के लिए इन मिठाइयों की मांग चर्चा में है।

Comment List