ऑपरेशन एंटीवेनम : 20 लाख की स्मैक बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
तस्करी में इस्तेमाल कार और पिकअप जब्त
जयपुर। पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन एंटीवेनम के तहत जयपुर रेंज साइबर सेल की सूचना पर सवाई माधोपुर पुलिस ने 147.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई है। पुलिस ने दो तस्करों सुभाष गुर्जर निवासी करौली हाल दौसा और रामनिवास निवासी बारां को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल कार और पिकअप जब्त की हैं। जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि रेंज साइबर सेल को सूचना मिली कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा सुभाष गुर्जर बारां क्षेत्र में सक्रिय रामनिवास को स्मैक उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है।
तय योजना के अनुसार सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र में नेशनल एक्सप्रेसवे दिल्ली-वडोदरा पर स्मैक की डिलीवरी होनी थी। इस सूचना को सवाई माधोपुर एसपी को देकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

Comment List