पंचायत चुनाव : कांग्रेस नेताओं के घर जुट रहे टिकट के दावेदार, बायोडाटा लेकर पहुंच रहे नेता-कार्यकर्ता
सिफारिश के साथ मजबूत दावेदारी दिखा रहे
जयपुर। पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आवास पर संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर दावेदारी जता रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट समेत वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात का सिलसिला तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के सिविल लाइंस स्थित आवास पर गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, नेता और समर्थक पहुंचे। इनमें कई लोग पंचायती राज चुनाव में टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं। दावेदारों ने जूली से मुलाकात कर क्षेत्र में अपनी सक्रियता और राजनीतिक पकड़ के बारे में जानकारी दी। दावेदार वरिष्ठ नेताओं को अपना बायोडाटा सौंप रहे हैं। इसमें पिछले चुनावों में भूमिका, पार्टी संगठन में जिम्मेदारी, क्षेत्र में सक्रियता और समर्थकों की जानकारी दी जा रही है। दावेदार स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और प्रभावशाली कार्यकर्ताओं से सिफारिश भी करा रहे हैं।
शक्ति प्रदर्शन : कुछ दावेदार अकेले पहुंचने के बजाय समर्थकों और स्थानीय नेताओं के साथ नेताओं के आवास पर पहुंच रहे हैं। इसके जरिए संगठन के सामने अपनी मजबूत पकड़ और जनसमर्थन का संदेश देने की कोशिश की जा रही है। चुनाव का कार्यक्रम जारी होने के साथ कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की कवायद तेज कर दी है। पार्टी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के टिकट जल्द, नामांकन प्रक्रिया के शुरुआती दौर में ही घोषित करने की तैयारी में है, ताकि उम्मीदवारों को प्रचार का पर्याप्त समय मिल सके। टिकट घोषणा की कोई निश्चित तारीख पार्टी ने अभी सार्वजनिक नहीं की है। टिकट वितरण में इस बार संगठन को प्रमुख भूमिका दी गई है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत गहलोत, पायलट जैसे वरिष्ठ नेताओं की निगरानी में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जिलों में राजनीतिक मामलों की समितियां स्थानीय विधायकों, विधायक प्रत्याशियों, पूर्व विधायकों, सांसदों और पूर्व जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लेकर पैनल तैयार करेंगी।

Comment List