पारे में आंशिक गिरावट : लेकिन गर्मी-लू से राहत नहीं, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर बरकरार
प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर बरकरार हैं। अधिकांश जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। दिन और रात दोनों में लू चलने से तपन बढ़ गई है। हालांकि शुक्रवार को अधिकांश जिलों में तापमान आंशिक रूप से कम हुआ है।
जयपुर। प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर बरकरार हैं। अधिकांश जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। दिन और रात दोनों में लू चलने से तपन बढ़ गई है। हालांकि शुक्रवार को अधिकांश जिलों में तापमान आंशिक रूप से कम हुआ है। लेकिन गर्मी और लू का असर बरकरार रहा। चित्तौड़गढ़ 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 44 डिग्री या उसके आसपास रहा।
राजधानी जयपुर में भी आग उगलती गर्मी के कारण आमजन काफी परेशान हैं। जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान आंशिक गिरावट के साथ 41.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन व कहीं-कहीं आंधी चलने की संभावना है। राज्य के कुछ भागों में तेज धूल भरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।

Comment List