जयपुर एयरपोर्ट पर चेक-इन के दौरान यात्री की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत
अचानक यात्री बेहोश होकर गिर पड़ा
जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, यात्री इंडिगो की फ्लाइट से जयपुर से कोलकाता जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। चेक-इन एरिया में इंडिगो के काउंटर के सामने अचानक यात्री बेहोश होकर गिर पड़ा। यात्री के बेहोश होते ही एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित कर्मचारियों ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद यात्री को एंबुलेंस की मदद से जवाहर सर्किल के नजदीक स्थित एक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने यात्री को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए यात्रियों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल रहा। हालांकि, मामले में मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

Comment List