पटवार भर्ती परीक्षा-2021 : डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाकर चयनित हुआ निलंबित पटवारी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
डमी अभ्यर्थी की फोटो लगाकर कूटरचित हस्ताक्षरों का इस्तेमाल
जयपुर। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने पटवार भर्ती परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाकर पटवारी के पद पर चयनित होने वाले मूल अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार विश्नोई (34) निवासी भादरूणा, थाना झाब, तहसील सांचौर, जिला जालौर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह निलंबित पटवारी के रूप में उपखंड अधिकारी कार्यालय, पिंडवाड़ा (जिला सिरोही) में पदस्थापित था। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि दिनेश कुमार ने पटवार भर्ती परीक्षा-2021 में स्वयं परीक्षा देने के बजाय एक डमी अभ्यर्थी को बैठाकर परीक्षा दिलवाई थी। इसके बाद उसका पटवारी पद पर अंतिम चयन हुआ और उसे पटवार हल्का मंगरीवाड़ा, तहसील रेवदर (सिरोही) में नियुक्ति मिली।
इस संबंध में एसओजी को गोपनीय शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर प्रकरण संख्या 71/2024 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 419, 420, 467, 468, 471, 120-बी तथा राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग) अधिनियम, 1992 की धाराओं 3, 4 एवं 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच में सामने आया कि 23 अक्टूबर 2021 को उदयपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर दिनेश कुमार की जगह डमी अभ्यर्थी विक्रम विश्नोई ने परीक्षा दी थी। इसके लिए प्रवेश पत्र पर डमी अभ्यर्थी की फोटो लगाकर कूटरचित हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया।

Comment List