पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- जनता मंहगाई के साढ़े साती से गुजर रही
आम लोगों को राहत देने की मांग
पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा ने पेट्रोल डीजल दामों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आम लोगों को राहत देने की मांग की। डोटासरा ने कहा है कि केंद्र सरकार में देश की जनता हर दिन महंगाई के बुलडोजर के नीचे कुचली जा रही।
जयपुर। पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा ने पेट्रोल डीजल दामों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आम लोगों को राहत देने की मांग की है। डोटासरा ने कहा है कि केंद्र सरकार में देश की जनता हर दिन महंगाई के बुलडोजर के नीचे कुचली जा रही है। केंद्र ने अच्छे दिन का ऐसा मॉडल बनाया है जिसमें जनता की जेब खाली है। कॉरपोरेट की तिजोरी भारी है और सरकार की जिम्मेदारी गायब है। सरकार सिर्फ अपने मित्रों का टैंक फुल करने में लगी है, और जनता को खाली टंकी पर धक्का लगाने के लिए छोड़ दिया गया है। हालत ये है कि गाड़ी में पेट्रोल-डीजल व सीएनजी भरवाने से पहले आदमी को बैंक बैलेंस देखना पड़ रहा है, जबकि साग-सब्जी और राशन खरीदने से पहले ईएमआई याद आने लगती है। 10-12 दिन में पेट्रोल-डीजल 8 रुपए जबकि सीएनजी 6 रुपए महंगी हो चुकी है।
4-4 बार दाम बढ़ाए गए हैं, जानकारों के मुताबिक आम परिवारों पर हर महीने 5000 रुपए तक अतिरिक्त बोझ बढ़ चुका है। सबसे बड़ा सवाल ये है कि जब तेल कंपनियों ने पिछली तिमाही में 28 प्रतिशत से 78 प्रतिशत तक ज्यादा मुनाफा कमाया, 19 महीनों में कच्चा तेल 29 प्रतिशत सस्ता होने पर भी 1.32 लाख करोड़ कमाए, तब जनता को राहत क्यों नहीं दी गई। आखिर जनता की जेब काटकर किसका खजाना भरा जा रहा है। शर्म की बात है देश की जनता महंगाई के साढ़े साती काल से गुजर रही है, गरीब का चूल्हा ठंडा पड़ा है, मध्यम वर्ग परेशान है, और सरकार मुनाफाखोरी पर मौन बैठी है।

Comment List