पेट्रोल-डीजल के फिर बढ़े दाम, मई महीने में यह चौथी बढ़ोतरी
डीजल के दामों में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार, जयपुर में पेट्रोल 2.82 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.73 रुपए प्रति लीटर महंगा।
जयपुर। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार, जयपुर में पेट्रोल 2.82 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.73 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। नई दरों के अनुसार, जयपुर में पेट्रोल की कीमत 109.84 रुपए से बढ़कर 112.66 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 95.05 रुपए से बढ़कर 97.78 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। एक्सपी पेट्रोल की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है। एक्सपी पेट्रोल अब 119.15 रुपए की जगह 121.97 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।पेट्रोल 11 दिन में 7.97 रुपए और डीजल 7.57 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है।
मई महीने में ईंधन की कीमतों में यह चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा किया गया था। वहीं 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाया गया था। इसके अलावा 19 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 15 मई को भी दोनों ईंधनों की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया था।

Comment List