विदेशी फोटोग्राफर के 'गुलाबी हाथी' फोटोशूट को लेकर विवाद : वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, यूजर्स बोले- यह वन्यजीवों के साथ अनुचित व्यवहार
वन विभाग कर रहा मामले की जांच
जयपुर में एक विदेशी फोटोग्राफर के 'गुलाबी हाथी' फोटोशूट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ट्रैवलिंग आर्ट फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में एक हाथी को गुलाबी रंग में रंगा गया दिखाया।
जयपुर। जयपुर में एक विदेशी फोटोग्राफर के 'गुलाबी हाथी' फोटोशूट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ट्रैवलिंग आर्ट फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में एक हाथी को गुलाबी रंग में रंगा गया दिखाया है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने तस्वीरों की सराहना की। वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने इसे वन्यजीवों के साथ अनुचित व्यवहार बताया। दैनिक नवज्योति इन फोटोज और वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जूलिया ने अपने पोस्ट के जरिए बताया कि जयपुर के पिंक रंग से प्रेरित होकर उन्होंने यह कॉन्सेप्ट तैयार किया। करीब 6 हफ्ते शहर में बिताने के बाद उन्होंने मॉडल के साथ यह शूट किया। उनका दावा है कि हाथी पर ऑर्गेनिक और सुरक्षित रंग का उपयोग किया गया। हाथी मालिक शादिक खान के अनुसार 65 वर्षीय चंचल हथनी पर केवल 10 मिनट के लिए कच्चा गुलाल लगाया गया था। जिसे तुरंत पानी डालकर हटा दिया गया था। फरवरी में इस हथनी का निधन हो चुका है। हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान ने कहा सिर्फ आधे शरीर पर ही गुलाल लगाया गया था।

Comment List