चौराहे पर प्लास्टिक बैरिकेड बने जाम की वजह, ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी
सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गए
सोडाला चौराहे पर ट्रैफिक प्रशासन द्वारा लगाए गए प्लास्टिक बैरिकेडों से जाम बढ़ा। कम ट्रैफिक के बावजूद आधा किलोमीटर लंबा जाम लग रहा। स्थानीय लोग व्यवस्था से परेशान। लेफ्ट साइड जाने वाले वाहन फ्री लेफ्ट से बिना रुके निकल सकते हैं।
जयपुर। शहर के सोडाला चौराहे पर ट्रैफिक प्रशासन ने प्लास्टिक बैरिकेड लगाए है। जो सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गए हैं। कम यातायात के बावजूद भी यहां लंबा जाम लग रहा है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोडाला चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण के उद्देश्य से लगाए गए प्लास्टिक बैरिकेड अब उल्टा असर दिखा रहे हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे का दृश्य सामने आयाए जब अपेक्षाकृत कम आवाजाही होने के बावजूद ट्रैफिक आधा किलोमीटर पहले ही थम गया। इससे साफ है कि बैरिकेडिंग के कारण यातायात का प्रवाह बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले की तुलना में ट्रैफिक समस्या करीब 100 प्रतिशत तक बढ़ गई है। जहां पहले सामान्य स्थिति में वाहन आसानी से निकल जाते थे, वहीं अब छोटी-सी भीड़ में लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में जरूरत है कि ट्रैफिक प्रशासन मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर बैरिकेड के स्थान पर कोई बेहतर विकल्प तलाशे, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
लेफ्ट साइड जाने वालों को रुकने की जरूरत नहीं :
यह जो पेंसिल बैरियर लगाए हैं, फ्री लेफ्ट के लिए है। लेफ्ट साइड में जाने वाले चालकों को सिग्नल पर रुकने की आवश्यकता नहीं है। वे फ्री लेफ्ट से होकर जा सकते हैं।
प्रेम चौधरी, एसीपी यातायात पुलिस जयपुर

Comment List