बालश्रम के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई : फैक्ट्री से नाबालिग बालक मुक्त, सुबह से देर रात तक करवाते थे काम
टीम ने कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की
जयपुर। जयपुर पश्चिम पुलिस ने बालश्रम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरमाड़ा थाना क्षेत्र के न्यू लोहा मंडी माचेडा स्थित डेलमोर्स वेंचर्स की फैक्ट्री से एक नाबालिग बालक को मुक्त कराया है। प्रारंभिक पूछताछ में बालक ने सुबह से देर रात तक काम करवाने और इसके बदले 13 हजार रुपये प्रतिमाह नकद वेतन मिलने की जानकारी दी। पुलिस ने बालक को संरक्षण के लिए प्रयास जेएसी सोसायटी, जयपुर के समन्वयक सईद खान को सौंपा है, ताकि उसे बाल कल्याण समिति, गांधी नगर, जयपुर के समक्ष पेश किया जा सके। पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में बालश्रम करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों और थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
फैक्ट्री में बनवाए जा रहे थे वेंटिलेटर पंखे पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को टीम ने प्लॉट नंबर 55ए, न्यू लोहा मंडी माचेडा स्थित डेलमोर्स वेंचर्स फैक्ट्री में कार्रवाई की। यहां स्टील के सामान से फैक्ट्री की छत पर लगाए जाने वाले वेंटिलेटर पंखे बनाने का काम किया जा रहा था। मौके पर एक नाबालिग बालक से काम करवाया जाना पाया गया। टीम ने कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की।

Comment List