आरएसएस के जिला प्रचारक के साथ पुलिस की मारपीट : अभद्रता मामले ने पकड़ा तूल, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
एसएचओ की अनुशंसा डीजी को भेजी
नरैना। पुलिस स्टेशन में आरएसएस के साभर जिला प्रचारक के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला रविवार को तूल पकड़ गया। घटना से आक्रोशित स्वयंसेवकों और ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते पूरे थाना स्टाफ को निलंबित करने और कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग उठाई। दिनभर चले घटनाक्रम के दौरान थाने में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर जयपुर भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, चौमू के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा सहित भाजपा के अन्य नेता व आरएसएस के सैकड़ों स्वयंसेवक थाने पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से बातचीत की। इधर मामले की गंभीरता को देख जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा, सांभर सीओ मुकेश जोशी, दूदू सीओ अनुपम मिश्रा मौके पर पहुंचे और धरनार्थियों से बातचीत की। इधर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार की तबीयत खराब होने पर उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफ र किया गया।
एसपी ने संभाला मोर्चा :
धरने की सूचना पर जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा थाने पहुंचे। उन्होंने धरनार्थियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करना था। दिनभर की बातचीत और विरोध के बाद एसपी ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही आश्वासन दिया कि जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी की ओर से 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने व थाना प्रभारी को सस्पेंड करने के लिए पुलिस महानिदेशक को अनुशंसा भेजने और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरनार्थियों नेआंदोलन समाप्त कर दिया।
इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज :
उपखंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल ने नरेना थाना प्रभारी उमराव सिंह, सहायक थाना प्रभारी ओकार सिंह , रमेश चंद, पुलिसकर्मी कुलदीप, महिपाल, विनोद, अजय के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने जांच दूदू सीओ अनुपम मिश्रा को सौंप दी है।

Comment List