जयपुर में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 3,682 चालान
नो पार्किंग में खड़े 2,486 वाहनों पर गिरी गाज
जयपुर। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ही दिन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,682 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े 2,486 वाहनों तथा अवैध रूप से संचालित 71 ई-रिक्शा और ई-कार्ट पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नूनावत के निर्देशन में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने बताया कि यातायात पुलिस ने मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है।

Comment List