एसएमएस अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, भीषण गर्मी में बाहर रात गुजारने को मजबूर मरीजों के परिजन
संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ
जयपुर। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, एसएमएस अस्पताल में व्यवस्थाओं की बदहाली मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन भीषण गर्मी के बावजूद बांगड़ परिसर के बाहर खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। पर्याप्त विश्राम स्थल और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर कबाड़ और अनुपयोगी सामान लंबे समय से पड़ा होने के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, मरीजों को मिलने वाली निशुल्क दवाओं की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों को बाजार से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा अस्पताल में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की कमी के चलते गंभीर मरीजों और बुजुर्गों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। कई बार परिजनों को खुद मरीजों को सहारा देकर ले जाना पड़ता है। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में सामने आ रही इन समस्याओं ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की है।

Comment List